Next Story
Newszop

अमरनाथ यात्राः कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 3,700 से अधिक तीर्थयात्रियों का एक नया जत्था रवाना

Send Push

जम्मू, 21 जुलाई (Udaipur Kiran) । कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 3,700 से अधिक तीर्थयात्रियों का एक नया जत्था सोमवार को दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित अमरनाथ गुफा के दर्शनों के दोनों आधार शिविरों के लिए जम्मू से रवाना हुआ।

3 जुलाई को यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक 3 लाख से अधिक तीर्थयात्री 3,880 मीटर ऊंचे मंदिर में भगवान शिव के प्राकृति रूप से बने हिमलिंग के दर्शन कर चुके हैं।

अधिकारियों ने बताया कि सीआरपीएफ और पुलिस कर्मियों की सुरक्षा में 3,791 तीर्थयात्रियों का जत्था जिसमें 3,067 पुरुष, 522 महिलाएं, नौ बच्चे, 192 साधु-साध्वियां और एक ट्रांसजेंडर शमिल हैं आज सुबह 3.33 बजे से 4.06 बजे के बीच 148 वाहनों में जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ।

उन्होंने बताया कि पहला तीर्थयात्री काफिला 52 वाहनों में 1,208 तीर्थयात्रियों को लेकर गांदरबल जिले में 14 किलोमीटर लंबे छोटे लेकिन अधिक ढलान वाले बालटाल मार्ग के लिए रवाना हुआ जिसके बाद 96 वाहनों में 2,583 तीर्थयात्रियों का दूसरा काफिला अनंतनाग जिले में 48 किलोमीटर लंबे पारंपरिक पहलगाम मार्ग से यात्रा कर रहा है।

आंकड़ों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से यात्रा करने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या में गिरावट आ रही है। 18 जुलाई को 7,908 तीर्थयात्री अमरनाथ के लिए रवाना हुए थे जबकि 19 जुलाई को यह संख्या 6,365, 20 जुलाई को 4,388 थी और आज 3,791 तीर्थयात्रियों का जत्था अब तक का सबसे कम था।

पिछले कुछ दिनों में मौके पर पंजीकरण के लिए काउंटरों पर आने वालों की संख्या में भी कमी आई है।

अधिकारियों ने बताया कि अब तक 4 लाख से अधिक लोगों ने तीर्थयात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। पिछले वर्ष 5.10 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने पवित्र गुफा में दर्शन किए थे। 38 दिनों की यह तीर्थयात्रा 9 अगस्त को समाप्त होगी।

(Udaipur Kiran) / बलवान सिंह

Loving Newspoint? Download the app now