– रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रायसेन के उमरिया में बीईएमएल रेल हब फॉर मैन्युफैक्चरिंग इकाई का किया भूमिपूजन-यह रेल कोच फैक्टरी औद्योगिक विकास की नई इबारत लिखेगी : मोहन यादव
भोपाल, 10 अगस्त (Udaipur Kiran) । रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में हो रहा औद्योगिक विकास भारत को नई औद्योगिक ऊंचाइयों पर ले जाने में सहायक होगा। यहां 1800 करोड़ रुपये के निवेश से आरंभ हो रहे रेल कोच निर्माण केंद्र से 5 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा और आसपास के क्षेत्र का भी विकास होगा। आज सम्पूर्ण भारत मध्य प्रदेश को आशा और विश्वास से देख रहा है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार को मध्य प्रदेश के प्रवास के दौरान रायसेन जिले के औबेदुल्लागंज में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम उमरिया में 60 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर 1800 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली ब्रह्मा परियोजना(बीईएमएल रेल हब फॉर मैन्युफैक्चरिंग) इकाई के भूमिपूजन कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीमहाकाल के आशीर्वाद से मध्य प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तेजी से औद्योगिक विकास को गति दे रहे हैं, भविष्य में मध्य प्रदेश प्राकृतिक सौंदर्य के साथ औद्योगिक विकास के लिए भी पहचाना जाएगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में रक्षा क्षेत्र के विकास के लिए पूर्ण क्षमता, संसाधन और सभी आवश्यक विशेषताएं विद्यमान हैं। डॉ. यादव ने शिवराज सिंह चौहान की विरासत को आगे बढ़ाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि बीईएमएल आज यहां महत्वपूर्ण यूनिट स्थापित कर रही है। केवल यही नहीं, कई एमएसएमई इकाइयां भी स्थापित होंगी और जो पहले से स्थापित हैं, उन्हें भी इसका लाभ मिलेगा। राज्य सरकार ने 48 हजार हैक्टेयर का भूमि बैंक भी तैयार किया है, यह अधिक से अधिक उद्योगों को लाने का संकल्प दर्शाता है। रक्षा क्षेत्र की कई इकाइयां बहुत ही अच्छी तरह से काम कर रही हैं। उन्होंने विगत वर्षों में यह अनुभव किया है कि रक्षा क्षेत्र का केन्द्र बनने के लिए जो गुण चाहिए, जो संसाधन चाहिए! वह मध्य प्रदेश में हैं। नेतृत्व यदि शानदार हो तो विकास तेजी से होता है। मध्य प्रदेश के विकास को देखते हुए यह लगता है कुछ वर्षो के बाद लोग मध्य प्रदेश को मॉडर्न प्रदेश कहना शुरू कर देंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। विश्व में भारत की पहचान दबंग और गतिशील अर्थव्यवस्था के रूप में हुई है। मेक इन इंडिया के माध्यम से भारत में सभी क्षेत्रों में उपकरणों के निर्माण में वृद्धि हुई है। वर्ष 2014 के बाद भारत का रक्षा क्षेत्र तेजी से बढ़ रहा है, इस क्षेत्र में पहले भारत से 600 करोड़ का निर्यात होता था जो अब 24 हजार करोड़ से अधिक हो चुका है। विकास और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में शोध को प्रसारित करने की आवश्यकता भी बताई।
रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का अकेला देश है जहां के ऋषि-मुनियों ने पूरे विश्व के कल्याण का संदेश दिया है, लेकिन जो हमें छेड़ेगा हम उसे छोड़ेगे नहीं। उन्होंने रामायण की चौपाई “जिन मोहि मारा, तिन मोहि मारे” का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने केवल जवाबी कार्रवाई की। पहलगाम में हुए आतंकी हमले में हमलावरों ने लोगों की पहचान उनके धर्म के आधार पर की और उन्हें अमानवीय ढंग से निशाना बनाया। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सेना प्रमुखों के साथ बैठक की और सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए आतंकियों के नौ ठिकानों को तबाह कर दिया। सेना ने देश की माताओं और बहनों के सिंदूर का बदला लिया है।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने प्रधानमंत्री मोदी और रक्षा मंत्री सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह रेल कोच फैक्टरी औद्योगिक विकास की नई इबारत लिखेगी। ‘ब्राह्मा’ संयंत्र पूरी तरह ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करेगा। यह परियोजना प्रदेश को रक्षा निर्माण के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। परियोजना का प्रारंभिक उत्पादन क्षमता 125 से 200 कोच प्रतिवर्ष होगी, जिसे पांच वर्षों में बढ़ाकर 1100 कोच प्रतिवर्ष किया जाएगा। इस इकाई के संचालन से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से पांच हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में डिफेंस कॉरीडोर बनाने के लिए हजारों एकड़ जमीनें चिन्हित की गई हैं। जिस प्रकार यह सौगात मिली है, यह सिलसिला चलता रहे। सरकार रोजगारपरख औद्योगिक विकास और आर्थिक समृद्धि की ओर ले जाने के लिए अपनी यात्रा लगातार बढ़ा रही है। राज्य सरकार बड़े उद्योगों के साथ स्टार्टअप और छोटे उद्यमों को भी प्रोत्साहित कर रही है। मध्य प्रदेश में उद्योगों के लिए अनेक संभावनाएं हैं। सरकार उद्योगों के साथ ही अनेक क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। नदी जोड़ो अभियान में भी महत्वपूर्ण काम हुए हैं। केन-बेतवा और काली सिंध-चम्बल नदी जोड़ो योजना का लाभ हमारे किसानों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्वदेशी अभियान के जरिए हम आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत और बेहतर भविष्य का निर्माण कर रहे हैं।
केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और रक्षा मंत्री सिंह के नेतृत्व में भारत की सेना ने पहलगांव आतंकी हमले का ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से दुश्मनों से ऐसा बदला लिया कि पूरी दुनिया आश्चर्यचकित रह गई, भारतीय सेना के पराक्रम को देखा। प्रधानमंत्री ने संकल्प लिया था कि पहलगांव के दोषियों को दुनिया के दूसरे छोर तक पीछा करेंगे और सजा देंगे। भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और अदम्य साहस पर संपूर्ण देश को गर्व है। ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से दुनिया के सामने हमारी सेनाओं ने साहस और शौर्य के प्रमाण दिए हैं। पाकिस्तान के एयरबेस को गड्ढों में बदलने का काम हमारी सेना ने किया।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एक अद्भुत भारत, वैभवशाली भारत, समृद्धशाली भारत, विकसित भारत का निर्माण हो रहा है। आज रक्षा मंत्री यहां 1800 करोड़ रुपये की सौगात लेकर आए हैं। रायसेन जिले के उमरिया में अब रेल्वे कोच बनेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय सुंदरलाल पटवा के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास की यात्रा प्रारंभ हुई। यहां मण्डीदीप औद्योगिक क्षेत्र हैं जहां 752 औद्योगिक इकाइयां हैं। उमरिया में रेलवे के कोच बनेंगे, मेट्रो के कोच बनेंगे, वंदे भारत के कोच बनेंगे! इससे पांच हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। यह क्षेत्र औद्योगिक विकास की दृष्टि से देश का महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र बने, यह हमारा प्रयास है। हम इस क्षेत्र को आदर्श लोकसभा क्षेत्र बनाएंगे।
उन्होंने किसानों से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश दुनिया की ऑखों में ऑखें डालकर बात कर रहा है। कोई ऐसा समझौता नहीं होगा जो हमारे किसानों के हित में ना हो। किसानों के हित सुरक्षित रहेंगे, मछुआरों के हित सुरक्षित रहेंगे, पशुपालकों के हित सुरक्षित रहेंगे। भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसलिए प्रधानमंत्री ने आह्वान किया है कि देश को और मजबूत बनाने के लिए स्वदेशी अपनाएं। अपने देश में बना हुआ सामान ही खरीदें। हमारी अर्थव्यवस्था और मजबूत होगी, सभी यह संकल्प लें। कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का वर्चुअली संदेश भी सुनाया गया। बीईएमएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक शांतनु राय ने ग्राम उमरिया में स्थापित होने वाली रेल हब फॉर मैन्युफैक्चरिंग इकाई के बारे में विस्तार से अवगत कराया।___________
(Udaipur Kiran) तोमर
You may also like
सामने आई भारत के 10 सबसे ज्यादा 'भ्रष्ट'ˈ विभागों की लिस्ट, 8वें को जानकर आप भी रह जाएंगे हैरान
शादी में आ रही अड़चनें दूर करेगा हल्दीˈ के ये टोटका मिलेगा पसंद का जीवनसाथी
हरी मिर्च काटने के बाद होती है हाथोंˈ में जलन तो अपनाएं ये 3 आसान घरेलू उपाय झट से मिलेगा आराम
डांस करने में मग्न था दूल्हा दुल्हन नेˈ गुस्से में दोस्त के साथ ले लिए फेरे
ENO से 3 गुना अधिक ताकतवर उपाय! बसˈ इतना सा करें और एसिडिटी हो जाएगी गायब