केंद्रीय मंत्री और जनता दल यूनाईटेड (JDU) के नेता राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) ने आज कहा कि, ”मोकामा के एक रक्षक नीतीश कुमार तो दूसरे अनंत सिंह हैं। नवंबर 2005 में नीतीश कुमार जी बिहार के मुख्यमंत्री बने थे।
तब क्या था बिहार में? यही मोकामा है जहां रेल से रात के 12 बजे उतरने के बाद लोग अपने घर जाने का साहस नहीं करते थे। अब ऐसा नहीं होता है। यह परिवर्तन नीतीश कुमार जी ने किया।” ललन सिंह ने यह बात मोकामा के मोर में आयोजित किए गए एनडीए (NDA) के कार्यकर्ता सम्मेलन में कही।
ललन सिंह ने कहा कि, ”बिहार में कहीं सड़क नहीं थी, गड्ढे थे। नीतीश कुमार ने सभी जगह सड़कें बनवाईं।
बिहार में किसी भी कोने से मोकामा आईए, पांच घंटे से अधिक समय आपको नहीं लगेगा। कल ही हम आए। पूर्णिया में प्रधानमंत्री जी की रैली थी। रैली खत्म होने के बाद हम सवा पांच बजे पूर्णिया से चले और साढ़े दस बजे पटना में अपने घर पहुंच गए। यह परिवर्तन आ गया है।”
नीतीश के राज में बिहार के हर घर में बिजली पहुंची
उन्होंने कहा कि, ”लालू जी के राज में क्या होता था। गाड़ी में पार्टी के लोग पीछे बैठते थे। बाईं और दाईं ओर के शीशे उतारकर दो राइफल लिए लोग बाएं और दाहिने ओर बैठते थे। वे स्कार्पियों में जाते थे और लोगों को आतंकित करते हुए चलते थे। नीतीश कुमार के राज में किसी माई के लाल में ताकत है बोलेरो और स्कार्पियो की शीशा उतारकर राइफल निकालकर चलेगा। किसी में यह ताकत नहीं है कि यह साहस करेगा। जो यह साहस करेगा वह जेल जाएगा।” उन्होंने कहा कि ”पहले बिजली दिन में घंटे दो घंटे मिलती थी, आज नीतीश कुमार के राज में हर घर में बिजली पहुंच गई है।”
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, ”पाकिस्तान हम पर गोला दागेगा तो हम पाकिस्तान की धरती में घुसकर गोला दागेंगे। पाकिस्तान में ड्रोन से हमला हमारी सेना ने किया। हमारे प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की सुरक्षा मजबूत है। प्रधानमंत्री ने देश का मान, सम्मान और स्वाभिमान जो दुनिया में बढ़ाया है, वह इतिहास बना है। पहले देश के प्रधानमंत्री किसी देश में जाते थे तो वहां के प्रधानमंत्री के सामने सिर झुकाकर बात करते थे। आज नरेंद्र मोदी किसी देश में जाते हैं तो वहां के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से आंख से आंख मिलाकर बात करते हैं। यह वही आदमी कर सकता है जिसमें आत्मबल है, जिसने यह संकल्प लिया हो कि हम देश को आत्मनिर्भर भारत बनाएंगे। हम देश को विकसित भारत बनाएंगे।”
भारत की अर्थव्यवस्था तेज रफ्तार से बढ़ रही
सिंह ने कहा कि, ”आज हमारा देश आत्मनिर्भर हुआ है। जब नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने थे तब देश की अर्थव्यवस्था दुनिया में 11वें स्थान पर थी। मोदी जी के 11 वर्ष के कार्यकाल में यह 11वें से पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। मोदी जी ने कहा है कि अगले पांच साल में हम पांच नंबर से तीन नंबर पर पहुंच जाएंगे। आज पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्थाएं गिर रही हैं, लेकिन भारत की अर्थव्यवस्था तेज रफ्तार से बढ़ रही है।”
उन्होंने कहा कि, ”मोदी जी के मंत्रिमंडल ने मोकामा से मुंगेर तक साढ़े चार हजार करोड़ की फोर लेन सड़क स्वीकृत की है। पटना से मोकामा सवा घंटे में पहुंच जाते हैं, यह नरेंद्र मोदी जी की सरकार की देन है। अभी उन्होंने कहा कि मेरे ऊपर कितना ही दबाव हो हम देश के किसानों के हितों के साथ कोई समझौता नहीं करेंगे।”
मोकामा विधानसभा क्षेत्र के मोर में आयोजित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के इस कार्यकर्ता सम्मेलन में शाहनवाज हुसैन,अशोक चौधरी और अनंत सिंह मंच पर मौजूद थे। सम्मेलन में मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह का स्वागत किया गया। सम्मेलन में उनके दोनों बेटे भी मौजूद थे।
You may also like
करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले बड़े गिरोह का भंडाफोड़
इथेनॉल से गाड़ियों की माइलेज पर कोई असर नहीं, 70 साल से ब्राजील में चल रही गाड़ियां: गडकरी
जीएसटी सुधार से देशवासियों को बचत उत्सव मनाने का अवसर प्राप्त हुआ: केशव प्रसाद मौर्य
ऑपरेशन 'व्हाइट बॉल' : हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले पिता ने अभिषेक शर्मा को दिया खास मैसेज
गाय-भैंस के दूध से ज्यादा कैल्शियम देगा सिर्फ 1 चीज, हड्डियां बनेंगी मजबूत